पिथौरागढ़। दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने पहले दिन गूंजी पहुंचकर आदि कैलाश ओम पर्वत भ्रमण किया जहां हेलीपेड पर केंद्रीय मंत्री का स्थानीय लोगों ने रंग संस्कृति की पगड़ी पहनाकर पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया गया जिसके बाद वह आर्मी गेस्ट हाउस पहुंचें, जहां उन्होंने सेना, आई.टी.बी.पी तथा एस.एस.बी के जवानों से मुलाकात कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा हेतु तैनात हथियारों व उपकरणों की जानकारी ली।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने जवानों के साथ बातचीत की और दुर्गम परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा करने के उनके अदम्य साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरा देश इन वीर जवानों के त्याग और बलिदान का सम्मान करता है और उनकी कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व करता है। जवानों को संबोधित करते हुए जे पी नड्डा ने कहा कि, “आप सभी देश की सुरक्षा के प्रहरी है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता हेतु आपको आपकी उत्कृष्ट सेवा के लिए धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने जवानों के साथ कुछ समय बिताया तथा जवानों के साथ मिष्ठान खायी गई और उनकी हौसला अफजाई की।
इसके बाद जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी द्वारा जनपद के सभी विकासखंडों के अंतर्गत आने वाले वाइब्रेट विलेज की जानकारी दी गई। पर्यटन विभाग द्वारा जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु चलाई जा रही योजनाओं एवं आदि कैलाश ओम पर्वत यात्रा हेतु व्यवस्थाओं की जानकारी जे पी नड्डा को दी गई।
इस दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार अजय टम्टा, मंत्री दुग्ध एवं पशुपालन सौरभ बहुगुणा, जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी धारचूला मंजीत सिंह, आर्मी, आईटीबीपी, एस एस बी के अधिकारियों सहित संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।