देहरादून। हरिद्वार में नगर निगम के चर्चित भूमि खरीद प्रकरण में जांच अधिकारी रणबीर सिंह चौहान की रिपोर्ट के बाद 4 अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कारवाई की गई है। इसके अलावा एक कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और एक अन्य अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में नगर निगम हरिद्वार द्वारा सराय स्थित भूमि को क्रय किए जाने के प्रकरण की जांच सचिव स्तर पर देने के बाद अब शासन ने 6 अधिकारियों केखिलाफ करवाई कि है जिसके बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
जांच में पाया गया है कि उक्त भूमि को क्रय किए जाने हेतु गठित समिति के सदस्य के रूप में रवीन्द्र कुमार दयाल, अधिशासी अधिकारी श्रेणी-2 (प्रभारी सहायक नगर आयुक्त), नगर निगम, हरिद्वार, आनन्द सिंह मिश्रवाण, सहायक अभियन्ता (प्रभारी अधिशासी अभियन्ता), नगर निगम, हरिद्वार, लक्ष्मीकांत भट्ट, कर एवं राजस्व अधीक्षक, नगर निगम, हरिद्वार और दिनेश चन्द्र काण्डपाल, अवर अभियन्ता, नगर निगम, हरिद्वार द्वारा अपने दायित्वों का सम्यक् रूप से निर्वहन नहीं किया गया है। इस पर इन सभी अधिकारियों को निलम्बित कर दिया गया है।
इस प्रकरण में सेवा विस्तार पर कार्यरत सेवानिवृत्त सम्पत्ति लिपिक श्री वेदपाल की संलिप्तता पायी गयी है। उनका सेवा विस्तार समाप्त करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश देने के साथ ही सुश्री निकिता बिष्ट, वरिष्ठ वित्त अधिकारी, नगर निगम, हरिद्वार का स्पष्टीकरण तलब किया गया है।