देहरादून। उत्तराखंड की समृद्धि लोक संस्कृति और विरासत पर आधारित लोक पर्व उत्तरायणी मेला को पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाता है। जिसे इस वर्ष सांस्कृतिक उत्सव के रूप में 14 जनवरी से लेकर 22 जनवरी तक मनाया जाएगा। जिसके लिए सभी जिलों के जिलाधिकारी और आयुक्त गढ़वाल/ कुमाऊं को आदेश जारी कर दिए गए हैं।

दरअसल अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को श्री राम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा भव्य कार्यक्रम होना है। जिसके चलते इस साल होने वाले उत्तरायणी पर्व को 14 जनवरी से 22 जनवरी तक सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है।

मुख्यमंत्री द्वारा जारी आदेश में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और स्वयं सहायता समूहो को कलश यात्रा और झांकी जैसे आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि प्रदेश के सभी मठ मंदिरों देवालयों और नदी किनारो पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का भी आवाह्न किया गया है। इसके साथ ही सभी नगर निकायों, जिला पंचायतो, विकासखंडों, ग्राम पंचायतो, सहित सामाजिक संगठनो, स्वयं सहायता समूहो, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों तथा विद्यालयों/महाविद्यालयों द्वारा दीपोत्सव मानने और रामचरितमानस पाठ करने के साथ भजन कीर्तन के आयोजन के भी आदेश दिए गए हैं।