देहरादून। उत्तराखंड के लिए केंद्र सरकार ने एक और बड़ी सौगात देते हुए काठगोदाम से अमृतसर के बीच नई रेल सेवा शुरू करने की मंजूरी दे दी है। जिसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।

2 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काठगोदाम से अमृतसर के लिए नई रेल सेवा शुरू करने का अनुरोध करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखा था। मुख्यमंत्री के इस पत्र में किए गए अनुरोध को स्वीकार करते हुए रेल मंत्रालय भारत सरकार ने काठगोदाम से अमृतसर के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मंजूरी दे दी है।

केंद्र सरकार द्वारा पिछले कुछ सालों में उत्तराखंड में कई ऐसे प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं जिनसे आने वाले समय में जनता को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से उधम सिंह नगर से लेकर काठगोदाम में रहने वाली आबादी अमृतसर के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग कर रही थी जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेल मंत्री से नई रेल सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था।