देहरादून। प्रदेश सरकार ने निकाय चुनाव के शोर के बीच राज्य के फल उत्पादकों को बड़ी सौगात दी है सरकार ने राज्य में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए “सी” ग्रेड माल्टा और पहाड़ी नींबू (गलगल) का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित कर दिया है। वर्ष 2024-25 में “सी” ग्रेड माल्टे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 10 रुपए प्रति किलो और पहाड़ी नींबू (गलगल) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 7 रुपए प्रति किलो तय किया है।
सी ग्रेड माल्टे और पहाड़ी नींबू के न्यूनतम समर्थन मूल्य के संबंध में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पत्रावली में अनुमोदन कर दिया है और जल्द ही एमएसपी घोषित करने का आदेश जारी किया जाएगा। वहीं सरकार ने मौजूदा वित्तीय वर्ष में पिछले वित्तीय वर्ष की अपेक्षा सी ग्रेड माल्टे और पहाड़ी नींबू के न्यूनतम समर्थन मूल्य में एक रुपए प्रति किलो को बढ़ोतरी की है।
सरकार के इस निर्णय पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है और सरकार के इस कदम से फल उत्पादकों को उचित दाम मिलने के साथ ही स्थानीय फलों को एक नई पहचान मिलेगी।